सांगोद। सांगोद-कोटा मार्ग पर मालबावड़ी के पास शुक्रवार सुबह करीब 11:20 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पिता और उनकी 5 वर्षीय बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में मृतक की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उनकी गोद में बैठी 2 साल की बच्ची बाल-बाल बच गई।
जानकारी के अनुसार करवाड़ निवासी सोहेल खान (30) मोड़क में रिश्तेदार के जनाजे में शामिल होने के बाद अपनी पत्नी और दो बेटियों के साथ बाइक से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सांगोद की ओर से घानाहेड़ा की तरफ जा रही दूसरी बाइक ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी।
परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दूसरी बाइक पर सवार युवक श्यामबिहारी तेज रफ्तार में और गलत दिशा से आ रहा था। उस पर शराब के नशे में वाहन चलाने का आरोप है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सोहेल खान और उनकी 5 वर्षीय बेटी अलीजा की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में सोहेल की पत्नी के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं उनकी गोद में बैठी 2 वर्षीय बच्ची को हादसे में कोई गंभीर चोट नहीं आई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को तत्काल सांगोद उप-जिला अस्पताल पहुंचाया।
दुर्घटना में दूसरी बाइक सवार श्यामबिहारी भी गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद कोटा रेफर किया गया। बताया गया कि उसका साथी हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों तथा बाइक सवारों की भूमिका की जांच की जा रही है।
