सांगोद (कोटा)। सांगोद नगर पालिका चुनाव में भाजपा ने 35 में से 20 वार्डों में जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। कांग्रेस को 11 सीटें मिलीं, जबकि चार निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे। चुनाव परिणाम के बाद चारों निर्दलीय पार्षदों ने भाजपा को समर्थन देने की घोषणा कर दी। इसके साथ ही भाजपा के पक्ष में पार्षदों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है।
भाजपा को समर्थन देने वाले निर्दलीय पार्षदों में सत्यनारायण गहलोत, मंजू बाई, चौथमल सुमन और निशा मित्तल शामिल हैं। चारों ने भाजपा की नीतियों में विश्वास जताते हुए बोर्ड गठन में सहयोग का भरोसा दिलाया।
ऊर्जा मंत्री और सांगोद विधायक हीरालाल नागर ने जीत पर जनता का आभार जताते हुए कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह परिणाम विकास, पारदर्शिता और सुशासन के पक्ष में जनता का फैसला है। सांगोद को राज्य की आदर्श नगर पालिका के रूप में विकसित करने के लिए पेयजल, सड़क, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर प्राथमिकता से काम किया जाएगा।
नागर ने भाजपा की जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की विकासपरक नीतियों, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के जनसेवा कार्यों और कार्यकर्ताओं की मेहनत को दिया। उन्होंने कहा कि ट्रिपल इंजन सरकार के माध्यम से सांगोद के शहरी विकास को नई गति मिलेगी।
ऊर्जा मंत्री ने चुनाव के दौरान किए गए वादों को प्राथमिकता से पूरा करने का आश्वासन दिया। भाजपा के बहुमत और निर्दलीयों के समर्थन के बाद अब सांगोद नगर पालिका में भाजपा का बोर्ड बनना तय माना जा रहा है।
