सांगोद (कोटा)। नगर पालिका चुनाव में भाजपा ने शानदार जीत दर्ज की है। 35 वार्डों में भाजपा ने 20 वार्डों पर जीत हासिल कर स्पष्ट बहुमत प्राप्त किया है। कांग्रेस को 11 वार्डों में जीत मिली, जबकि 4 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे।
मतगणना के बाद बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया। सांगोद स्थित निजी आवास पर चारों विजयी निर्दलीय पार्षद भाजपा के साथ आ गए। चारों ने भाजपा की नीतियों में विश्वास जताते हुए पार्टी को अपना पूर्ण समर्थन दिया।
भाजपा को समर्थन देने वाले निर्दलीय पार्षदों में सत्यनारायण गहलोत, मंजू बाई, चौथमल सुमन और निशा मित्तल शामिल हैं।
चार निर्दलीयों के समर्थन के बाद भाजपा के पक्ष में कुल 24 पार्षद हो गए हैं। ऐसे में सांगोद नगर पालिका में भाजपा का बोर्ड बनना तय माना जा रहा है।
भाजपा के खेमे में जश्न का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने जीत पर खुशी जताई। वहीं भाजपा नेताओं का कहना है कि जनता ने विकास और सुशासन के पक्ष में अपना विश्वास जताया है।
