नागरिक अभिव्यक्ति । सांगोद
सांगोद। आगामी पंचायत चुनावों को लेकर भाजपा ने सांगोद क्षेत्र में संगठनात्मक और चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी की ओर से नियुक्त चुनाव प्रभारी चैन सिंह राठौड़ ने क्षेत्र के विभिन्न मंडलों का दौरा कर जिला परिषद और पंचायत समिति वार्डों से चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदारों के आवेदन लिए। इस दौरान उन्होंने स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की।
चुनाव प्रभारी ने देवली, कनवास मंडल, सांगोद देहात और बपावर मंडल का दौरा किया। बैठकों में वार्डवार दावेदारों से आवेदन प्राप्त करने के साथ संगठनात्मक स्थिति, स्थानीय स्तर पर चुनावी तैयारियों और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर चर्चा की गई। राठौड़ ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय और संगठन की मजबूती के साथ चुनावी गतिविधियों में जुटने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं को केंद्र और राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक पहुंचानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ और उनकी जानकारी पहुंचाना संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल होना चाहिए।
राठौड़ ने कार्यकर्ताओं से पूरी एकजुटता, मेहनत और समर्पण के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान करते हुए ‘हर घर कमल’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ने की बात कही। उन्होंने संगठन की मजबूती को चुनावी सफलता का आधार बताते हुए स्थानीय कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय रहने का आग्रह किया।
दौरे के दौरान विभिन्न मंडलों के वरिष्ठ पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, संभावित प्रत्याशी और ग्रामीण मौजूद रहे। वहीं आगामी दिनों में आवेदन प्रक्रिया के बाद पार्टी स्तर पर दावेदारों के नामों को लेकर आगे की संगठनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
