कोटा | नागरिक अभिव्यक्ति। श्रीराम केमिकल श्रमिक संघ (कर्मचारी यूनियन) के प्रतिनिधिमंडल ने संघ अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह और महामंत्री चंद्र गोपाल सेन के नेतृत्व में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें संघ की स्मारिका भेंट की और श्रमिकों के हितों से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
श्रमिक संघ ने कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) की उच्च वेतन पर पेंशन योजना से वंचित रह गए कर्मचारियों को दोबारा आवेदन का अवसर देने तथा सेवानिवृत्ति आयु 58 वर्ष से बढ़ाकर 60 वर्ष करने की मांग उठाई।
हायर पेंशन के लिए दोबारा आवेदन का अवसर देने की मांग
संघ के मीडिया प्रभारी मुकेश चड्ढा ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने लोकसभा अध्यक्ष का ध्यान उन सैकड़ों श्रमिकों की ओर आकर्षित किया, जो विभिन्न कारणों से हायर पेंशन योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन नहीं कर सके या इससे वंचित रह गए। संघ ने ऐसे श्रमिकों को दोबारा आवेदन करने का अवसर उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत उच्च वेतन के आधार पर पेंशन के लिए अपना दावा प्रस्तुत कर सकें।
संघ के सदस्य पवन चतुर्वेदी ने कहा कि पेंशन कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति के बाद आर्थिक सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। लंबे समय तक सेवा देने वाले श्रमिकों के लिए नियमित और सम्मानजनक पेंशन की व्यवस्था आवश्यक है। ऐसे में हायर पेंशन से वंचित कर्मचारियों को फिर से आवेदन का अवसर मिलने से उन्हें राहत मिल सकती है।
सेवानिवृत्ति आयु 60 वर्ष करने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति आयु 58 वर्ष से बढ़ाकर 60 वर्ष करने की मांग भी रखी। संघ के उपाध्यक्ष विमल माथुर ने कहा कि सेवानिवृत्ति आयु में वृद्धि से कर्मचारियों को दो वर्ष अतिरिक्त सेवा देने का अवसर मिल सकता है।
श्रमिक संघ ने दोनों मांगों पर सकारात्मक पहल करने और श्रमिकों के हितों से जुड़े इन मुद्दों को उचित मंच पर उठाने का आग्रह किया।
ओम बिरला ने दिया मांगें सदन में रखने का आश्वासन
संघ के अनुसार, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुना और इन मुद्दों को सदन में रखने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर श्रमिक संघ के उपाध्यक्ष विमल कुमार माथुर, पवन चतुर्वेदी, नवल कनवासिया, युवराज सिंह हाड़ा, तेजराज सिंह, राजकुमार कश्यप, महेंद्र कुमावत, कर्मेंद्र मीणा, सुभाष चौहान और मोहन सुमन सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।
