सिमलिया, 27 सितंबर। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर सोमवार को सिमलिया क्षेत्र में 12.25 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाले 152 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इन कार्यों में सड़क, जल संसाधन, जल निकासी, पेयजल, स्वास्थ्य, सामुदायिक सुविधाओं और ग्रामीण बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्य शामिल हैं।
कार्यक्रम में जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल, देहात भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर तथा सुल्तानपुर पंचायत समिति प्रधान कृष्णा शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
मंडल अध्यक्ष उछमा मीणा के अनुसार, सुबह 10 बजे सामुदायिक भवन, हाट चौक, रेलगांव में रेलगांव, भाण्डाहेड़ा और चौमा मालियान ग्राम पंचायतों के 8.51 करोड़ रुपए की लागत वाले 62 कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 1 बजे सराय भवन, मेन रोड, सिमलिया में सिमलिया, भौरां, बमोरी, सारोला, गढ़ेपान और पोलाईकलां ग्राम पंचायतों के 3.72 करोड़ रुपए की लागत वाले 90 कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास होगा।
रेलगांव में 3.86 करोड़ के डायवर्जन चैनल का शिलान्यास
रेलमगांव में बाढ़ से सुरक्षा एवं राहत के लिए जल संसाधन विभाग की ओर से स्वीकृत 3.86 करोड़ रुपए की लागत वाले डायवर्जन चैनल का शिलान्यास किया जाएगा। इसके अलावा 2.77 करोड़ रुपए की लागत से भाण्डाहेड़ा से नाचनबावड़ी तक सड़क तथा 1.65 करोड़ रुपए की लागत से 3.5 किलोमीटर डामरीकरण सड़क का लोकार्पण होगा।
वहीं भाण्डाहेड़ा से कराड़िया की ओर 1.12 करोड़ रुपए की लागत से जीएसबी सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया जाएगा।
पंचायत समिति के 59 कार्यों का भी लोकार्पण
रेलमगांव समारोह के तहत पंचायत समिति सुल्तानपुर के 59 कार्यों पर 188.69 लाख रुपए खर्च किए गए हैं। इनमें ग्राम पंचायतों में इंटरलॉकिंग सड़क, नाली एवं नाला निर्माण, सार्वजनिक श्मशान घाटों की चारदीवारी और टीनशेड, आंगनबाड़ी भवन, सामुदायिक शौचालय, स्नानघाट तथा पेयजल टंकी निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं।
सिमलिया में 90 कार्यों पर 3.72 करोड़ रुपए खर्च
सिमलिया समारोह के तहत कुल 90 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जाएगा। इनकी कुल लागत 372.63 लाख रुपए है।
सार्वजनिक निर्माण विभाग के कुल 5 कार्यों पर 111.47 लाख रुपए खर्च होंगे। इनमें एनएच-76 से तेजपुरा ढाबा तक 75 लाख रुपए की लागत से सीसी सड़क निर्माण का लोकार्पण शामिल है। इसके अलावा कराड़िया, गुमानपुरा और मंडोला में श्मशान घाट की मरम्मत तथा सड़क से जुड़े कार्यों का शिलान्यास किया जाएगा।
वहीं पंचायत समिति सुल्तानपुर के 84 कार्यों पर 261.16 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। सिमलिया, भौरां, बमोरी, सारोला, गढ़ेपान और पोलाईकलां ग्राम पंचायतों के विभिन्न गांवों में आंतरिक गंदे पानी की निकासी के लिए नाली-नाला निर्माण, इंटरलॉकिंग खरंजे, श्मशान घाट विकास एवं मरम्मत, खेल मैदान, ओपन जिम और पेयजल पाइपलाइन बिछाने के कार्य इनमें शामिल हैं।
