सिमलिया (कोटा)। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने सोमवार को सिमलिया क्षेत्र के विकास के लिए 12.25 करोड़ रुपये की लागत वाले 152 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम में जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल, सुल्तानपुर पंचायत समिति प्रधान कृष्णा शर्मा और मंडल अध्यक्ष उछमा मीणा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री नागर ने कहा कि सिमलिया क्षेत्र को विकास के मामले में एक मॉडल के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। गांवों में भी शहरों के समान आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज खेतों के रास्तों का निर्माण कराया जा रहा है। इससे किसानों को खेतों तक पहुंचने में परेशानी नहीं होगी। मंत्री के अनुसार क्षेत्र में अधिकांश रास्तों का काम पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्य भी जल्द पूरे किए जाएंगे।
जलभराव की समस्या से मिलेगी राहत
मंत्री ने क्षेत्र में जलभराव की समस्या का उल्लेख करते हुए कहा कि चौमा और भांडाहेड़ा के गांवों में खेतों के जलभराव से राहत दिलाने के लिए किए गए कार्यों की तर्ज पर रेलगांव के किसानों और ग्रामीणों को भी इस समस्या से निजात दिलाने के प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का लाभ क्षेत्र के सभी गांवों और ढाणियों तक पहुंचाने पर ध्यान दिया जा रहा है।
रेलंगांव, भांडाहेड़ा और चौमा में 8.51 करोड़ के 62 कार्य
क्षेत्र के बुनियादी विकास के लिए रेलंगांव, भांडाहेड़ा एवं चौमा मालियान ग्राम पंचायतों में 8.51 करोड़ रुपये की लागत के 62 कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।
इनमें रेलगांव को बाढ़ से बचाने के लिए जल संसाधन विभाग की 3.86 करोड़ रुपये की डायवर्जन चैनल परियोजना का शिलान्यास प्रमुख है। इसके अलावा भांडाहेड़ा से नाचनबावड़ी तक 2.77 करोड़ रुपये की सड़क तथा 1.65 करोड़ रुपये की लागत से 3.5 किलोमीटर डामरीकरण सड़क का लोकार्पण किया गया।
वहीं भांडाहेड़ा से कराडिया तक 1.12 करोड़ रुपये की जीएसबी सड़क का शिलान्यास किया गया।
90 अन्य विकास कार्य भी शामिल
सिमलिया, भौरां, बमोरी, सारोला, गढ़ेपान और पोलाईकलां ग्राम पंचायतों में 3.72 करोड़ रुपये की लागत के 90 अन्य कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।
इन कार्यों में सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से एनएच-76 से तेजपुरा ढाबा तक 75 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क निर्माण तथा सुल्तानपुर पंचायत समिति के माध्यम से इंटरलॉकिंग सड़क, नाली-नाला निर्माण, श्मशान घाट विकास, खेल मैदान, ओपन जिम, आंगनबाड़ी भवन और पेयजल पाइपलाइन जैसे कार्य शामिल हैं।
