कोटा। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने सोमवार को सांगोद विधानसभा क्षेत्र के सिमलिया और दीगोद उपखंड में 20.66 करोड़ रुपए की लागत के 266 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें सिमलिया क्षेत्र के 12.25 करोड़ रुपए के 152 कार्य और दीगोद क्षेत्र के 8.41 करोड़ रुपए के 114 कार्य शामिल हैं।
कार्यक्रमों में जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल, देहात भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर, सुल्तानपुर पंचायत समिति प्रधान कृष्णा शर्मा, मंडल अध्यक्ष उछमा मीणा सहित जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए नागर ने कहा कि सिमलिया और दीगोद क्षेत्र को विकास का मॉडल बनाने का प्रयास किया जाएगा। उनके अनुसार गांवों में भी शहरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना प्राथमिकता है।
किसानों को राहत और जलभराव से बचाव पर जोर
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि खेती-किसानी को आसान बनाने के लिए राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज खेतों के रास्तों का निर्माण कराया जा रहा है। सिमलिया क्षेत्र में जलभराव की समस्या का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि चौमा और भांडाहेड़ा की तर्ज पर रेलगांव के किसानों को भी इससे स्थायी राहत दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
रेलगांव में बाढ़ से बचाव के लिए 3.86 करोड़ रुपए की लागत वाली डायवर्जन चैनल परियोजना का शिलान्यास किया गया।
सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े कार्य
सिमलिया क्षेत्र में भांडाहेड़ा से नाचनबावड़ी तक 2.77 करोड़ रुपए की सड़क, 1.65 करोड़ रुपए के डामरीकरण और 1.12 करोड़ रुपए की जीएसबी सड़क सहित इंटरलॉकिंग सड़क, नाली निर्माण, ओपन जिम, पेयजल पाइपलाइन और खेल मैदान से जुड़े कार्य शामिल हैं।
दीगोद क्षेत्र में 1.83 करोड़ रुपए की लागत से अटल प्रगति पथ, 70 लाख रुपए की लागत से कोटा-सुल्तानपुर रोड और सीएडी विभाग की ओर से पुलिया निर्माण कार्य शामिल हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के तहत सुरेला, हरिपुरा और छीपड़दा में कुल 1.65 करोड़ रुपए की लागत से उप स्वास्थ्य केंद्रों का लोकार्पण किया गया।
नागर ने कहा कि क्षेत्र के गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए बुनियादी सुविधाओं से जुड़े
कार्य जारी रखे जाएंगे।
