कोटा, 28 सितंबर। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर रविवार को सिमलिया और दीगोद क्षेत्रों के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान दोनों क्षेत्रों में कुल 20.66 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 266 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जाएगा। इन कार्यों में सड़क, बाढ़ सुरक्षा, चिकित्सा, पेयजल, जल प्रबंधन और ग्रामीण आधारभूत सुविधाओं से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं। हालिया सरकारी बजट में भी सीमलिया फ्लड डायवर्जन और नीमोदा फ्लड प्रोटेक्शन जैसे कार्यों के लिए प्रावधान दर्ज हैं।
दोनों कार्यक्रमों में जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल, देहात भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर तथा सुल्तानपुर पंचायत समिति प्रधान कृष्णा शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
सिमलिया में 152 विकास कार्य
सिमलिया क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री 12.25 करोड़ रुपये की लागत के 152 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। सुबह 10 बजे हाट चौक, रेलगांव स्थित सामुदायिक भवन में रेलगांव, भाण्डाहेड़ा और चौमा मालियान ग्राम पंचायतों के लिए 8.51 करोड़ रुपये के 62 कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास होगा।
इनमें बाढ़ सुरक्षा के लिए 3.86 करोड़ रुपये की डायवर्जन चैनल, भाण्डाहेड़ा-नाचनबावड़ी सड़क, इंटरलॉकिंग, श्मशान घाट, आंगनबाड़ी और पेयजल से जुड़े कार्य शामिल हैं।
इसके बाद दोपहर 1 बजे सराय भवन, सिमलिया में सिमलिया, भौरां, बमोरी, सारोला, गढ़ेपान और पोलाईकलां पंचायतों के 3.72 करोड़ रुपये के 90 कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जाएगा। इनमें सार्वजनिक निर्माण विभाग की सीसी सड़क और नाली निर्माण से जुड़े कार्य प्रमुख हैं।
दीगोद में 114 विकास कार्यों की सौगात
दीगोद उपखंड के नीमोदा रोड स्थित सामुदायिक भवन में दूसरे कार्यक्रम का आयोजन होगा। यहां 8.41 करोड़ रुपये की लागत के 114 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर करेंगे। इसमें विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और ग्रामीण शामिल होंगे।
चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सुरेला, हरिपुरा और छीपड़दा में 1.65 करोड़ रुपये की लागत से बने उप स्वास्थ्य केंद्रों का लोकार्पण किया जाएगा।
दीगोद क्षेत्र में सार्वजनिक निर्माण विभाग के माध्यम से 2.80 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सड़क निर्माण के कार्य होंगे। इनमें दीगोद में 1.83 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला अटल प्रगति पथ भी शामिल है।
इसके अलावा पंचायत समिति सुल्तानपुर के तहत 3.70 करोड़ रुपये के 105 कार्य तथा सीएडी विभाग के माध्यम से 25.27 लाख रुपये की लागत से तीन पुलियाओं के निर्माण कार्य भी शामिल हैं।
विकास कार्यों में पेयजल पाइपलाइन, खेल मैदान, ओपन जिम, सार्वजनिक तालाबों के सौंदर्यीकरण और अटल ज्ञान केंद्रों के सुदृढ़ीकरण से जुड़े कार्य भी किए जाएंगे।
