कोटा। बड़ोद से सीसवाली तेजा दशमी का मेला देखने जा रहे बाइक सवार को सीसवाली थाने के सामने एक कार ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद कोटा के एमबीएस अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार राकेश पुत्र रामकिशन बैरवा निवासी बड़ोद बुधवार सुबह मोटरसाइकिल से सीसवाली मेला देखने जा रहा था। करीब सुबह 8:30 बजे सीसवाली थाने के सामने पहुंचने पर एक कार ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि राकेश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल के भाई ने बताया कि कार एक महिला चला रही थी। हादसे के बाद सीसवाली थाना पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर महिला चालक को भी पकड़ लिया। घायल राकेश को पहले सीसवाली अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए कोटा रेफर कर दिया गया।
फिलहाल राकेश का एमबीएस अस्पताल कोटा में उपचार चल रहा है। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
