नागरिक अभिव्यक्ति.कोटा
स्नेक कैचर गोविंद शर्मा को सांपों और जीव-जंतुओं से बेहद प्यार है। वे उनके प्रति हिंसा बर्दाश्त नहीं कर सकते। उन्होंने कोटा और आसपास के रिहायशी इलाकों में निकलने वाले सांपों को पकड़ने और बिना नुकसान पहुंचाए उन्हें उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ने का बीड़ा उठाया हुआ है। वे कोबरा, रसेल वाइपर और करैत जैसे करीब 15 हजार सांपों और अन्य सरीसृपों जैसे मॉनिटर लिजार्ड, अजगर आदि का सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगलों में छोड़ चुके हैं। वे लोगों के मन में सांपों के प्रति बैठे अंधविश्वास और डर को दूर करने का काम भी करते हैं। 'सर्प मित्र अभियान' के तहत स्कूलों और कोचिंग संस्थानों में जाकर छात्रों को वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील बनाने का उल्लेखनीय अभियान चला चुके हैं। बिना किसी आधुनिक और महंगे सुरक्षा उपकरणों के, वे अपनी कला, अनुभव और धैर्य के बल पर बेहद शांत तरीके से सांपों को काबू करते हैं। उनके इस योगदान को देखते हुए वन विभाग और जिला प्रशासन उन्हें कई बार मंचों पर सम्मानित कर चुका है।

