कोटा, 3 नवंबर। एसएसआई एसोसिएशन, कोटा की ओर से आयोजित दीपावली मिलन समारोह ‘ये दिवाली सितारों वाली’ मुकुंदरा सरोवर में उत्साह और मनोरंजन के माहौल में संपन्न हुआ। बॉलीवुड थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 1500 से 1800 लोग शामिल हुए। संगीत, डांस और बॉलीवुड सितारों के डुप्लीकेट कलाकारों की प्रस्तुतियों ने शाम को खास बनाया। एसोसिएशन के सदस्यों ने परिवारों के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।
समारोह में शहर के गणमान्य नागरिकों, उद्योगपतियों, व्यवसायियों और एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्षों ने शिरकत की। गोविंदराम मित्तल सहित एसोसिएशन के सभी पास्ट प्रेसिडेंट्स की मौजूदगी रही।
कार्यक्रम की शुरुआत एसोसिएशन अध्यक्ष दीपक मेहता के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने सदस्यों और अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि एसोसिएशन व्यापारिक गतिविधियों के साथ सदस्यों के बीच आपसी सहयोग, पारिवारिक एकजुटता और सामाजिक संबंधों को मजबूत करने के लिए भी प्रयासरत है।
सचिव समीर सूद और कोषाध्यक्ष राहुल जैन ने बताया कि समारोह का प्रमुख आकर्षण दिल्ली से आए आरम्भ बैंड की लाइव म्यूजिक प्रस्तुति रही। इसके अलावा अमिताभ बच्चन, रणवीर सिंह, गोविंदा, हनी सिंह और सलमान खान के रूप में पहुंचे डुप्लीकेट कलाकारों ने डांस और अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया।
उनकी प्रस्तुतियों पर परिसर तालियों और उत्साह से गूंज उठा। सदस्यों ने देर रात तक संगीत और मनोरंजक कार्यक्रमों का आनंद लिया।
सेलिब्रिटी कलाकारों की प्रस्तुतियों और मनोरंजन संबंधी व्यवस्थाओं में कोषाध्यक्ष राहुल जैन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं, सचिव समीर सूद ने आयोजन की रूपरेखा, सदस्यों की सहभागिता और विभिन्न व्यवस्थाओं के समन्वय की जिम्मेदारी संभाली।
आयोजन में केजीवी इंफ्रा और सुबोधनी ज्वेलर्स ने प्रमुख इवेंट पार्टनर के रूप में सहयोग किया। आयोजन स्थल मुकुंदरा सरोवर की ओर से भी विशेष सहयोग और आतिथ्य मिला। एसोसिएशन ने सभी सहयोगकर्ताओं और पार्टनर्स का आभार जताया।
प्रवक्ता संजय गोयल ने बताया कि आयोजन के प्रोजेक्ट मेंटर राजकुमार जी जैन और भाटिया जी रहे, जबकि प्रोजेक्ट चेयरमैन नविंदु द्विवेदी और मनोज अग्रवाल ने आयोजन की जिम्मेदारी संभाली। उनकी टीम और एसोसिएशन के सदस्यों के सामूहिक प्रयासों से कार्यक्रम आयोजित हुआ।
समारोह के अंतिम चरण में हुई आतिशबाजी ने आसमान को रंग-बिरंगी रोशनी से भर दिया। लाइव संगीत, बॉलीवुड कलाकारों की प्रस्तुतियों और पारिवारिक सहभागिता के साथ ‘ये दिवाली सितारों वाली’ एसोसिएशन के सदस्यों के लिए यादगार आयोजन रहा। एसोसिएशन की ओर से सभी सदस्यों, अतिथियों, पार्टनर्स, प्रायोजकों और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया गया।
