नागरिक अभिव्यक्ति । सुकेत
सुकेत। सुकेत नगर पालिका क्षेत्र और आसपास के ग्रामीण इलाकों में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और बार-बार ट्रिपिंग के विरोध में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नगरवासियों ने विद्युत विभाग कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपकर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोड सेटिंग के साथ विद्युत केबल और तारों में खराबी के कारण बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। शिकायतों के बावजूद उपभोक्ताओं को कटौती की समय पर सूचना नहीं मिल रही और कई मामलों में संतोषजनक जवाब भी नहीं दिया जा रहा। सुकेत नगर में भी शटडाउन के नाम पर बार-बार बिजली बंद होने से आमजन परेशान है।
ज्ञापन में आगामी त्योहारों को देखते हुए पर्याप्त और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा विद्युत व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विभाग को पांच दिन में व्यवस्था सुधारने का अल्टीमेटम दिया। चेतावनी दी कि निर्धारित अवधि में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आमजन की समस्याओं को लेकर सहायक अभियंता कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रदर्शन में मेहरबान सिंह सिसोदिया, शिवराज मेरोठा, सत्यनारायण खटीक, पूर्व प्रधान राजेंद्र सिंह सिसोदिया, जहांगीर खान, रवि गौतम, अब्दुल इस्लाम, उमरदीन चौधरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नगरवासी मौजूद रहे।
