सुल्तानपुर। पंचायतीराज चुनाव के प्रथम चरण में अब गांवों की सरकार चुनने की तैयारी तेज हो गई है। सुल्तानपुर पंचायत समिति क्षेत्र की 44 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए शनिवार, 24 अक्टूबर को मतदान होगा। इससे पहले शुक्रवार को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी कर प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। इसके साथ ही चुनाव मैदान में शेष प्रत्याशियों की तस्वीर साफ हो जाएगी और गांवों में प्रचार अभियान जोर पकड़ेगा।
ग्राम पंचायतों में चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सरपंच और वार्ड पंच पदों के प्रत्याशी मतदाताओं से संपर्क कर समर्थन जुटाने में लगे हैं। प्रशासन ने मतदान की तैयारियां पूरी कर ली हैं। दोनों पदों के लिए मतदान बैलेट पेपर के माध्यम से कराया जाएगा। मतदान संपन्न होने के बाद शनिवार शाम को मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
दो दिन में दूसरी बार मतदान करेंगे मतदाता
पंचायतीराज चुनाव के प्रथम चरण में मतदाता दो दिन के भीतर दूसरी बार अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
इससे पहले गुरुवार, 22 अक्टूबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान हुआ था।
अब शनिवार को मतदाता सरपंच और वार्ड पंच चुनने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंचेंगे।
दोनों चरणों के मतदान में मतदाताओं की पहचान के लिए अलग-अलग हाथों की तर्जनी अंगुली पर अमिट स्याही लगाने की व्यवस्था की गई है। 22 अक्टूबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के मतदान के दौरान बाएं हाथ की तर्जनी अंगुली पर स्याही लगाई गई थी। वहीं, सरपंच और वार्ड पंच चुनाव में दाएं हाथ की तर्जनी अंगुली पर स्याही लगाई जाएगी।
नाम वापसी के बाद साफ होगी चुनावी तस्वीर
शुक्रवार को नाम वापसी और चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्याशियों की अंतिम स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। इसके बाद उम्मीदवार घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे और अपने पक्ष में समर्थन जुटाने का प्रयास करेंगे।
गांवों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के चुनाव को लेकर चर्चाएं तेज हैं। शनिवार को होने वाले मतदान के बाद मतगणना के साथ ही ग्रामीणों को अपनी नई ग्राम सरकार मिल जाएगी। प्रशासन की ओर से शांतिपूर्ण और व्यवस्थित मतदान कराने के लिए तैयारियां की गई हैं।
