सुल्तानपुर (कोटा)। बगतरी गांव में लंबे समय से आवासीय पट्टे जारी नहीं होने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। पट्टे नहीं मिलने से नाराज ग्रामीणों ने ग्रामीण मेवा शिविर के फॉलोअप शिविर में शिविर प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर पात्र परिवारों को जल्द आवासीय पट्टे जारी करने की मांग की।
ग्रामीणों का दावा है कि बगतरी गांव में आज तक एक भी आवासीय पट्टा जारी नहीं हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार गांव की आबादी 1200 से अधिक है, जबकि करीब 900 मतदाता हैं। इसके बावजूद पात्र परिवारों को उनके आवासीय भूखंडों के पट्टे नहीं मिल पाए हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को कई बार पंचायत स्तर पर उठाया जा चुका है। इसके अलावा जनसुनवाई और रात्रि चौपाल में भी आवासीय पट्टे जारी करने की मांग रखी गई, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने का आरोप है।

ग्रामीणों का कहना है कि आवासीय पट्टा मिलने से परिवारों को अपने मकान से संबंधित दस्तावेजी अधिकार हासिल होंगे और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में भी सुविधा होगी। लंबे समय से मांग लंबित होने के कारण ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि पंचायती राज चुनाव से पहले पात्र परिवारों की प्रक्रिया पूरी कर उन्हें आवासीय पट्टे जारी किए जाएं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो वे सामूहिक रूप से पंचायती राज चुनाव का बहिष्कार करेंगे।
ग्रामीणों का कहना है कि वे समस्या के समाधान के लिए लंबे समय से प्रशासनिक स्तर पर प्रयास कर रहे हैं। अब वे चाहते हैं कि संबंधित अधिकारी मामले की जांच कर पात्र परिवारों को जल्द पट्टे जारी करने की प्रक्रिया शुरू करें।
