नागरिक अभिव्यक्ति । सुल्तानपुर
सुल्तानपुर से भीमपुरा माताजी धाम तक गुरुवार को 24वीं विशाल पदयात्रा निकाली गई। माता रानी के जयकारों और हाथों में ध्वज लिए श्रद्धालु करीब 22 किलोमीटर पैदल चलकर धाम पहुंचे। पदयात्रा के दौरान पूरे मार्ग में भक्ति और उत्साह का माहौल रहा। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर पदयात्रियों का स्वागत किया गया, वहीं विभिन्न स्थानों पर फल वितरित कर श्रद्धालुओं की सेवा की गई।
आयोजनकर्ता नितिन खंडेलवाल ने बताया कि पदयात्रा सुबह 8 बजे सुल्तानपुर के भौंरा चौराहे से रवाना हुई। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तजन सामूहिक रूप से माता रानी के जयकारे लगाते हुए भीमपुरा माताजी धाम की ओर बढ़े। यात्रा मार्ग पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया और फल वितरित किए।
पदयात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने भीमपुरा माताजी धाम पहुंचकर माता रानी के दर्शन किए तथा सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर दोपहर से देर रात तक भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। 24वीं पदयात्रा में श्रद्धालुओं की भागीदारी और सेवा गतिविधियों ने पूरे आयोजन को भक्तिमय बना दिया।
