सुल्तानपुर। शारदीय नवरात्रि के नौ दिनों तक सजे दुर्गा पांडालों में पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजनों के बाद दशमी के दिन मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। नगर में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर पूर्णाहुति की और मां दुर्गा को अगले वर्ष फिर आने की कामना के साथ विदाई दी। इस दौरान श्रद्धालुओं में भक्ति और भावुकता का माहौल देखने को मिला।
नगर के चामुंडा माता मंदिर परिसर, विजय हनुमान जी मंदिर परिसर, कंकाली माता मंदिर परिसर सहित अन्य मंदिरों में नवरात्रि के दौरान स्थापित की गई मां दुर्गा की प्रतिमाओं का पूजन कर विसर्जन किया गया। दशमी के अवसर पर प्रतिमाओं को आसपास के नदी-तालाबों में विसर्जित किया गया। नौ दिनों तक मंदिरों और दुर्गा पांडालों में माता की आराधना, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों से माहौल भक्तिमय बना रहा।
नवरात्रि के समापन पर श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और क्षेत्र में शांति की कामना की। प्रतिमा विसर्जन के साथ ही नौ दिवसीय शारदीय नवरात्रि उत्सव का समापन हुआ।
