नागरिक अभिव्यक्ति । सुल्तानपुर
अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर पीएम श्री महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, सुल्तानपुर में बालिका उत्सव आयोजित किया गया। इसमें चित्रकला, निबंध लेखन, भाषण और नारा लेखन सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं हुईं। बालिकाओं ने उत्साह से भाग लेकर अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिताओं के माध्यम से बालिका शिक्षा, लैंगिक समानता, बालिका अधिकारों और महिला सशक्तीकरण का संदेश दिया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्य दर्शना मीना ने कहा कि बालिकाएं समाज और राष्ट्र की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार हैं। शिक्षा और समान अवसर मिलने पर वे आत्मनिर्भर बनकर हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकती हैं। उन्होंने छात्राओं से लक्ष्य निर्धारित कर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम प्रभारी कुसुमलता शर्मा सहित विद्यालय स्टाफ ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना रहा।
