नागरिक अभिव्यक्ति @ कोटा
सुल्तानपुर के मुख्य बाजार में ज्वेलर की दुकान से लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी करने वाली वारदात का कोटा ग्रामीण पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, चोरी के पीछे दिल्ली और उत्तर प्रदेश में सक्रिय कुख्यात सलीम नकबजन गैंग का हाथ था। पुलिस ने गैंग से जुड़े दो आरोपियों आदिल और आफताब उर्फ बग्गू को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। वारदात में शामिल बताए जा रहे गैंग के सरगना सलीम और इमरान फिलहाल फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया कि 17 और 18 अक्टूबर की रात सुल्तानपुर के मेन मार्केट स्थित श्रीदेव ज्वेलर्स की दुकान में नकबजनी हुई थी। परिवादी परमानंद गुर्जर ने रिपोर्ट में बताया कि चोर दुकान का शटर और ताला तोड़कर अलमारी सहित सोने-चांदी के जेवरात ले गए। दुकान की तिजोरी में रखी करीब 3-4 लाख रुपए की नकदी भी चोरी हुई। चोरी गए जेवरात की अनुमानित कीमत 60 से 70 लाख रुपए बताई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी ने खोला राज, फर्जी नंबर प्लेट से दिया चकमा
वारदात के खुलासे के लिए सुल्तानपुर थाना पुलिस और चोरी निरोधक सेल (एंटी थेफ्ट सेल) की विशेष टीमें गठित की गईं। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर निशान कंपनी की सनी कार संदिग्ध नजर आई। शुरुआती जांच में कार महाराष्ट्र नंबर की फर्जी प्लेट लगाकर चलती मिली। पुलिस ने टोल और एक्सप्रेस-वे के फुटेज का करीब 28 से 30 घंटे तक विश्लेषण किया। जांच में पता चला कि संदिग्ध कार मुम्बई लेन में जाकर यू-टर्न लेकर दिल्ली की ओर लौटी और हिलालपुर टोल से बाहर निकली।
तकनीकी जांच में कार का वास्तविक नंबर DL01CP2112 सामने आया। वाहन सलीम के नाम पर पंजीकृत मिला। पुलिस के अनुसार, टोल भुगतान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण में इमरान की भूमिका भी सामने आई।
दिल्ली में दबिश देकर दो गिरफ्तार
पुलिस टीमों ने दिल्ली में दबिश देकर 30 अक्टूबर को आदिल और आफताब उर्फ बग्गू को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने सलीम और इमरान के साथ वारदात करना स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार, सलीम और इमरान के खिलाफ दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, डकैती, नकबजनी और चोरी सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं।
कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकल्याण मीणा, इटावा वृत्ताधिकारी ओमप्रकाश के सुपरविजन में सुल्तानपुर थानाधिकारी दौलत साहू, एंटी थेफ्ट सेल के भूपेंद्र हाड़ा सहित पुलिसकर्मियों की विशेष भूमिका रही। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर चोरी गए माल की बरामदगी के प्रयास कर रही है।
