सुल्तानपुर (कोटा)। कोटा जिले के सुल्तानपुर क्षेत्र के झोटोली गांव में बुधवार सुबह सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। नगर पालिका, वन विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने कांग्रेस नेता अमीन पठान के छोटे भाई रफीक पठान के कब्जे से सरकारी भूमि को मुक्त कराया। प्रशासन के अनुसार, संबंधित भूमि पर खेती की जा रही थी, जबकि पास में वन विभाग की जमीन पर भी निर्माण किया गया था।
कार्रवाई बुधवार सुबह करीब 6 बजे शुरू हुई, जो लगभग चार घंटे तक चली। इस दौरान टीम ने जमीन का सीमाज्ञान किया और वहां नगर पालिका का बोर्ड लगाया। मौके पर दो जेसीबी मशीनों की मदद से अतिक्रमण हटाया गया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सर्किल डीएसपी ओमप्रकाश सहरावण सहित तीन थानों की पुलिस और ग्रामीण पुलिस लाइन का जाप्ता तैनात रहा।
2.19 हेक्टेयर सरकारी जमीन पर कब्जे का मामला
कार्रवाई के लिए नियुक्त मजिस्ट्रेट एवं नायब तहसीलदार संदीप मेघवाल ने बताया कि झोटोली गांव में रफीक पठान द्वारा करीब 2.19 हेक्टेयर यानी लगभग 14 बीघा सरकारी जमीन पर कब्जा किया हुआ था। इसके अलावा, पास की वन विभाग की जमीन पर भी निर्माण कार्य किया गया था। अतिक्रमण हटाने से पहले संबंधित व्यक्ति को नोटिस दिया गया था। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की गई।
नगर पालिका ने जमीन पर लगाया बोर्ड
नायब तहसीलदार के अनुसार, सुल्तानपुर पहले ग्राम पंचायत क्षेत्र था। नगर पालिका बनने के बाद इसकी राजस्व सीमा का विस्तार हुआ है। संबंधित जमीन नगर पालिका के अधिकार क्षेत्र में आने के बाद उसे अपने कब्जे में लिया गया है। कार्रवाई के दौरान भूमि का सीमाज्ञान कर नगर पालिका का बोर्ड लगाया गया।
वहीं, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाया गया है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी दी जा सकेगी।
झोटोली गांव सुल्तानपुर से करीब चार से पांच किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। प्रशासन की इस कार्रवाई के दौरान राजस्व, नगर पालिका और वन विभाग की टीमों के साथ पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा।
