नागरिक अभिव्यक्ति @ कोटा
सुल्तानपुर। कस्बे में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं और ज्वेलर्स की दुकान में हुई चोरी का खुलासा नहीं होने से व्यापारियों का आक्रोश बढ़ गया है। विरोध में व्यापार महासंघ ने सोमवार को सुल्तानपुर बंद रखने और थाने के सामने धरना देने का निर्णय लिया है। रविवार दोपहर गायत्री मंदिर परिसर में हुई व्यापार महासंघ की आपात बैठक में व्यापारियों ने एकजुट होकर आंदोलन करने का फैसला किया। व्यापारियों ने जिला कलेक्टर और कोटा ग्रामीण एसपी को मौके पर बुलाकर अपनी मांगों पर वार्ता करने की बात कही है।
व्यापार महासंघ अध्यक्ष विष्णु गोस्वामी ने बताया कि कस्बे में बकरी चोरी, ज्वेलर्स की दुकान में चोरी, भैंस चोरी और खेतों में चोरी की घटनाओं सहित अन्य वारदातों से व्यापारी और आमजन परेशान हैं। लगातार घटनाएं होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
उन्होंने बताया कि 18 अक्टूबर को एक ज्वेलर्स की दुकान में चोरी की घटना हुई थी। इसके बाद व्यापार महासंघ ने पुलिस प्रशासन को 36 घंटे में कार्रवाई करने का अल्टीमेटम दिया था। प्रशासन के साथ हुई वार्ता में 25 अक्टूबर तक चोरी का खुलासा करने की समय सीमा तय की गई थी। व्यापारियों का कहना है कि तय समय सीमा बीतने के बावजूद पुलिस न तो चोरों को पकड़ सकी और न ही घटना का खुलासा हुआ। इससे व्यापारियों में नाराजगी बढ़ गई है।
सोमवार सुबह 9 बजे मंडी परिसर में जुटेंगे व्यापारी
विष्णु गोस्वामी ने बताया कि सोमवार सुबह 9 बजे व्यापारी मंडी परिसर में एकत्रित होंगे। यहां से जुलूस के रूप में थाने पहुंचकर धरना दिया जाएगा।
आंदोलन के दौरान कोटा जिला
कलेक्टर और कोटा ग्रामीण एसपी को मौके पर बुलाकर चोरी की घटनाओं तथा पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर वार्ता की मांग की जाएगी।
व्यापारियों ने सुल्तानपुर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्यमुक्त करने की मांग भी उठाई है। उनका आरोप है कि चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा और पुलिस अधिकारियों की ओर से संतोषजनक जवाब भी नहीं मिल रहे हैं।
प्रतिष्ठान बंद रखकर आंदोलन में शामिल होने की अपील
व्यापार महासंघ ने कस्बे के व्यापारियों से सोमवार को अपने प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रखने और आंदोलन में शामिल होकर एकजुटता दिखाने की अपील की है। महासंघ का कहना है कि चोरी की घटनाओं का खुलासा और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कार्रवाई जरूरी है।
आपात बैठक में व्यापार महासंघ अध्यक्ष विष्णु गोस्वामी, नवल किशोर मीणा, कपिल अग्रवाल, नितिन खंडेलवाल, महावीर अग्रवाल, बंटी झावा, भवानीशंकर नागर, दीपक खंडेलवाल, दिनेश शर्मा, मयंक अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल, हरीश अग्रवाल, हेमंत अग्रवाल, सियाराम गुर्जर, परमानंद गुर्जर और मुकेश सुमन सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।
