नागरिक अभिव्यक्ति । सुल्तानपुर
सुल्तानपुर। नगर पालिका सुल्तानपुर में वर्क ऑर्डर जारी करने के एवज में राशि मांगने का आरोप लगाते हुए संवेदक दिनेश सुमन ने उपखंड अधिकारी दीगोद को लिखित शिकायत दी है। शिकायतकर्ता ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं नगर पालिका के सहायक अभियंता नवीन सैनी ने आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए किसी भी संवेदक से राशि मांगने से इनकार किया है।
दिनेश सुमन ने शिकायत में बताया कि नगर पालिका की ओर से करीब 20 कार्यों के टेंडर जारी किए गए थे। उनके अनुसार 29 सितंबर को संबंधित कार्यों के वर्क ऑर्डर जारी किए जाने थे, लेकिन कार्यादेश जारी नहीं हुए। सुमन ने आरोप लगाया कि वर्क ऑर्डर जारी करने की एवज में सहायक अभियंता नवीन सैनी की ओर से राशि की मांग की गई। उन्होंने बताया कि 30 सितंबर को भी वे नगर पालिका कार्यालय पहुंचे और वर्क ऑर्डर को लेकर अधिकारियों से बातचीत की, लेकिन कार्यादेश जारी नहीं किए गए।
शिकायतकर्ता ने कार्यों की प्रक्रिया में अनियमितता और जानबूझकर वर्क ऑर्डर में देरी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने नगर पालिका के कार्यों और अधिकारियों की कार्यप्रणाली की सीआईडी, सीबी तथा ईडी से जांच कराने के साथ संबंधित एईएन की संपत्ति की जांच कराने की मांग भी की है।
शिकायत में यह आरोप भी लगाया गया है कि नवीन सैनी कनिष्ठ अभियंता से सहायक अभियंता पद पर पदोन्नत होने के बाद लंबे समय से सुल्तानपुर में ही पदस्थ हैं। शिकायतकर्ता ने उनकी पदस्थापना की भी जांच कराने की मांग की है।
एसडीएम ने कहा, शिकायत की जांच होगी
उपखंड अधिकारी दीगोद ने बताया कि दिनेश सुमन की ओर से ज्ञापन प्राप्त हुआ है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कराई जाएगी।
एईएन बोले, न पैसे मांगे न ऐसी कोई बातचीत हुई
सहायक अभियंता नवीन सैनी ने आरोपों को गलत और निराधार बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्य के संबंध में संवेदक से पैसे मांगने या इस तरह की कोई बातचीत नहीं हुई। उन्होंने कहा कि वे सरकार के आदेशों के अनुसार काम कर रहे हैं और सरकार जहां स्थानांतरण करेगी, वहां कार्य करने के लिए तैयार हैं। स्थानांतरण आदेश मिलने पर वे तत्काल कार्यमुक्त होकर नई जगह चले जाएंगे, लेकिन बिना आधार के इस तरह के आरोप लगाना उचित नहीं है।
