नागरिक अभिव्यक्ति । सुल्तानपुर
गांव की सरकार चुनने के लिए शनिवार सुबह से सुल्तानपुर पंचायत समिति क्षेत्र की 44 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान जारी है। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें नजर आने लगीं। ग्रामीण अपने पसंदीदा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने पहुंच रहे हैं। सुबह 10 बजे तक क्षेत्र में 15.26 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान के बीच सरपंच पद के प्रत्याशी और उनके समर्थक भी मतदाताओं से संपर्क करते और समर्थन की अपील करते दिखाई दिए।
सुल्तानपुर पंचायत समिति क्षेत्र में सरपंच पद के लिए 323 प्रत्याशी मैदान में हैं। यहां कुल 129 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1 लाख 19 हजार 84 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। इनमें 61 हजार 163 पुरुष और 57 हजार 921 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान को लेकर गांवों में चुनावी माहौल बना हुआ है और प्रत्याशियों की निगाहें अधिक से अधिक मतदान पर टिकी हैं।
पंचायत समिति और जिला परिषद के लिए पहले ही हो चुका मतदान
पंचायतीराज चुनाव के पहले चरण में 22 अक्टूबर को इसी क्षेत्र के मतदाताओं ने जिला परिषद सदस्य और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान किया था। शनिवार को सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव के लिए अलग-अलग मतदान किया जा रहा है। ग्रामीणों के लिए यह चुनाव सीधे गांव के नेतृत्व और स्थानीय विकास से जुड़ा है, इसलिए सरपंच पद के मुकाबले पर विशेष नजर है।
मतदान के बाद शनिवार को ही मतगणना कराई जाएगी। परिणाम देर रात तक सामने आने की संभावना है। मतगणना के बाद स्पष्ट होगा कि किन प्रत्याशियों को ग्रामीणों ने गांव की कमान सौंपी है।
एएसपी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए कोटा ग्रामीण पुलिस के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम कल्याण मीणा ने विभिन्न ग्राम पंचायतों में स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित मतदान सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों और पुलिस जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन मतदान केंद्रों पर व्यवस्था बनाए रखने और चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए सतर्क है।
सुल्तानपुर पंचायत समिति क्षेत्र के चुनावी आंकड़े
कुल ग्राम पंचायतें: 44
सरपंच पद के प्रत्याशी: 323
कुल मतदान केंद्र: 129
कुल मतदाता: 1,19,084
पुरुष मतदाता: 61,163
महिला मतदाता: 57,921
सुबह 10 बजे तक मतदान: 15.26 प्रतिशत
