नागरिक अभिव्यक्ति । सुल्तानपुर
आगामी पंचायत चुनाव और त्योहारों के मद्देनजर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोटा ग्रामीण पुलिस ने सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने क्षेत्र में भ्रमण कर आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। साथ ही निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान और त्योहारों को आपसी सौहार्द के साथ मनाने का संदेश दिया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे पंचायत चुनाव में बिना किसी भय या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करें। चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता और कानून की पालना करें। पुलिस ने आमजन को अफवाहों से दूर रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया।
एसपी सुजीत शंकर ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने, असामाजिक गतिविधियों में शामिल होने या कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की ओर से क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो और त्योहारों के दौरान भी सौहार्द बना रहे।
