नागरिक अभिव्यक्ति । सुल्तानपुर
सुल्तानपुर के रक्तया भेरुजी तालाब को स्वच्छ, सुंदर और पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग को लेकर युवाओं ने पहल की है। गुरुवार को वार्ड पार्षद राकेश गोस्वामी के नेतृत्व में युवाओं और ग्रामीणों ने तालाब पर पहुंचकर श्रमदान अभियान शुरू किया। युवाओं ने झाड़-बबूल हटाने, व्यापक साफ-सफाई करवाने और तालाब के बीच स्थित टापू पर श्री खाटूश्याम जी का मंदिर स्थापित करने की मांग उठाई।
समाजसेवी कपिल शर्मा ने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के सहयोग से तालाब पर विकास कार्य हुए हैं, लेकिन देखरेख के अभाव में उनका समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा। उन्होंने नगर पालिका से नियमित सफाई करवाने और मंदिर निर्माण की पहल में सहयोग करने की अपील की।
ग्रामीण जोधराज गुर्जर ने तालाब क्षेत्र में खुले में शौच और नशा करने वाले लोगों पर अंकुश लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियों से यहां आने वाले लोगों को परेशानी होती है। वार्ड पार्षद राकेश गोस्वामी ने बताया कि तालाब के चारों ओर इंटरलॉकिंग करवाने की भी योजना है, जिससे लोग यहां घूमने और समय बिताने आ सकें। युवाओं ने नगर पालिका, पुलिस प्रशासन, संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की। उनका कहना है कि सामूहिक प्रयासों से तालाब को धार्मिक आस्था के केंद्र के साथ आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सकता है।
