नागरिक अभिव्यक्ति । सुल्तानपुर
सुल्तानपुर नगरपालिका के सफाई कर्मचारियों का मासिक वेतन बढ़ाकर 9,400 रुपए करने और दीपावली पर बोनस देने की मांग उठी है। इस संबंध में पार्षद मुकेश उदयराज ने नगरपालिका के अधिशाषी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कर्मचारियों को राहत देने की मांग की।
पार्षद ने ज्ञापन में बताया कि वर्तमान में सफाई कर्मचारियों को मात्र 6,946 रुपए प्रतिमाह वेतन मिल रहा है। बढ़ती महंगाई के बीच इतनी कम राशि में परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की शिक्षा और घरेलू जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई कर शहर की स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनके वेतन में बढ़ोतरी जरूरी है।
मुकेश उदयराज ने इटावा नगरपालिका की तर्ज पर सुल्तानपुर में भी सफाई कर्मचारियों का वेतन 9,400 रुपए प्रतिमाह करने की मांग रखी। साथ ही दीपावली पर बोनस देने का आग्रह किया, ताकि कर्मचारी अपने परिवार के साथ त्योहार मना सकें। उन्होंने नगरपालिका प्रशासन से मांगों पर जल्द निर्णय लेकर कर्मचारियों को आर्थिक राहत देने की अपील की।
