नागरिक अभिव्यक्ति । सुल्तानपुर
पीएम श्री महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, सुल्तानपुर के विद्यार्थियों ने 16 अक्टूबर को ग्रीन फील्ड विजिट के तहत कोटा स्थित ऑक्सीजन पार्क और नागाजी बाग का शैक्षिक भ्रमण किया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रकृति, पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता की जानकारी देने के साथ किताबी ज्ञान को व्यावहारिक अनुभवों से जोड़ना रहा।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने पार्कों की हरियाली, विभिन्न पेड़-पौधों और प्राकृतिक वातावरण का अवलोकन किया। उन्हें वृक्षों के महत्व, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के संतुलन के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ गतिविधियों में भाग लिया और प्रकृति के संरक्षण की आवश्यकता को समझा।
विद्यालय की प्रधानाचार्य दर्शना मीना और ग्रीन फील्ड विजिट प्रभारी कुसुमलता शर्मा सहित स्टाफ सदस्य विद्यार्थियों के साथ मौजूद रहे। भ्रमण के दौरान अल्पाहार और भोजन की व्यवस्था भी की गई।
प्रधानाचार्य दर्शना मीना ने विद्यार्थियों को पर्यावरण और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण के प्रति जागरूक रहने तथा अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की शैक्षिक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, अनुभवात्मक शिक्षा और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
