नागरिक अभिव्यक्ति । सुल्तानपुर
सुल्तानपुर। उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत प्रथम बुनियादी साक्षरता परीक्षा रविवार को सुल्तानपुर ब्लॉक के सभी स्कूलों में आयोजित हुई। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चली परीक्षा में ब्लॉक के 32 पीईईओ क्षेत्रों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर 10,920 पंजीकृत असाक्षरों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
परीक्षा में बड़ी संख्या में असाक्षरों की भागीदारी को क्षेत्र में साक्षरता के प्रति बढ़ती जागरूकता के रूप में देखा जा रहा है। परीक्षा को लेकर संबंधित अधिकारियों और कार्मिकों ने केंद्रों पर व्यवस्थाओं की निगरानी की तथा परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए।
ब्लॉक स्तर पर बनाए गए नियंत्रण कक्ष से भी परीक्षा व्यवस्था पर नजर रखी गई। ब्लॉक साक्षरता समन्वयक मनभावन सोनी के साथ एसीबीईओ राजेंद्र कुमार शर्मा और सुभाष सिंह ने परीक्षा केंद्रों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने केंद्रों पर परीक्षा संचालन, अभ्यर्थियों की उपस्थिति और अन्य व्यवस्थाओं का पर्यवेक्षण किया।
