नागरिक अभिव्यक्ति | सुल्तानपुर
दिव्य ज्योति जागृति संस्थान की कोटा शाखा की ओर से आरोग्य प्रोजेक्ट के तहत संत श्री मन सिंह शिक्षा निकेतन स्कूल, सुल्तानपुर में विश्व हृदय दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में 100 से अधिक लोगों ने भाग लिया।
श्री आशुतोष महाराज की शिष्या साध्वी रुचि भारती ने कहा कि हृदय संबंधी बीमारियां कई बार शुरुआती लक्षणों के बिना भी विकसित हो सकती हैं, इसलिए स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना और नियमित जांच कराना जरूरी है। उन्होंने बदलती जीवनशैली, असंतुलित खानपान, तनाव, शारीरिक निष्क्रियता और धूम्रपान को हृदय स्वास्थ्य के लिए जोखिमकारी बताया।
उन्होंने लोगों से रक्तचाप, ब्लड शुगर और कोलेस्ट्रॉल की नियमित जांच कराने की अपील की। साथ ही संतुलित खानपान अपनाने, जंक फूड और अधिक नमक-चीनी के सेवन को सीमित करने तथा भोजन में ताजे फल, हरी सब्जियां और पौष्टिक अनाज शामिल करने की सलाह दी।
साध्वी रुचि भारती ने रोजाना कम से कम 30 मिनट पैदल चलने, योग या हल्की कसरत को दिनचर्या में शामिल करने और तंबाकू, धूम्रपान व अन्य नशे से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता व्यक्ति के साथ परिवार और समाज के लिए भी जरूरी है।
