कोटा। प्रकृति के प्रति समर्पण और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प हो तो एक व्यक्ति भी बड़ा बदलाव ला सकता है। कोटा निवासी सूरज प्रकाश मालव पिछले करीब छह वर्षों से प्रतिदिन एक पेड़ लगाने के अभियान में जुटे हुए हैं। उनका यह अनूठा प्रकृति प्रेम शहरवासियों के लिए प्रेरणा बन रहा है।
सूरज प्रकाश मालव ‘रोज पेड़ लगाओ अभियान’ के प्रणेता हैं। वे प्रतिदिन रावतभाटा रोड स्थित नर्सरी से करीब 10 रुपये का एक पौधा खरीदकर लाते हैं। इसके बाद सुरक्षित स्थान तलाशकर स्वयं गड्ढा खोदते हैं और पौधा लगाने के साथ उसकी लगातार सार-संभाल भी करते हैं।
उन्होंने कोटा विश्वविद्यालय के समीप स्थित गुर्जर चौक की वन भूमि पर अब तक 101 पेड़ लगाए हैं, जो आज पेड़ का रूप ले चुके हैं। इसके अलावा कोटा के विभिन्न सरकारी स्कूलों में भी वे सैकड़ों पौधे लगा चुके हैं। पिछले छह वर्षों में उनके द्वारा लगाए गए पौधों की संख्या हजारों में पहुंच चुकी है।
रविवार को शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर की उपस्थिति में सूरज प्रकाश मालव ने मंत्री के आवास के सामने बेलपत्र और शमी का संयुक्त पौधा लगाया। इस दौरान मंत्री मदन दिलावर ने मालव के प्रकृति प्रेम और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों की सराहना की।
मंत्री दिलावर ने कहा कि सूरज प्रकाश मालव जैसे लोगों से प्रेरणा लेकर अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने आमजन से निरंतर पौधे लगाने और उनकी देखभाल करते हुए वसुंधरा को हरा-भरा बनाने का आह्वान किया।
