नागरिक अभिव्यक्ति @ बूंदी
तालेड़ा थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की सात मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद बाइकों में कोटा शहर के नयापुरा और कोटा ग्रामीण के सुल्तानपुर थाना क्षेत्रों से चोरी हुई मोटरसाइकिलें भी शामिल हैं। पुलिस अब आरोपियों से चोरी की अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज से मिली अहम मदद
जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा ने बताया कि बूंदी निवासी दीपक शर्मा ने 21 अक्टूबर 2026 को अकतासा पुलिया के पास से अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर तालेड़ा थाने में प्रकरण संख्या 382/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस टीम ने सूचना तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से तालेड़ा, नांता, कुन्हाड़ी तथा कोटा के अभय कमांड सेंटर के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। इसके आधार पर पुलिस ने 27 अक्टूबर को रामगोपाल उर्फ गोपाल, राधेश्याम और कालू उर्फ मुकेश को चोरी की मोटरसाइकिल सहित पकड़ा। पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर छह अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं।
तीनों आरोपियों से अन्य वारदातों को लेकर पूछताछ
गिरफ्तार आरोपियों में रामगोपाल उर्फ गोपाल निवासी नया गांव, थाना कापरेन, हाल निवासी बालापुरा, कुन्हाड़ी; राधेश्याम निवासी खानपोल दरवाजा, नैनवां; और कालू उर्फ मुकेश निवासी बापूनगर, कुन्हाड़ी, कोटा शहर शामिल हैं। पुलिस बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों में उनकी संभावित भूमिका को लेकर पूछताछ कर रही है।
हेड कांस्टेबल रणजीत घटाला की विशेष भूमिका
कार्रवाई में तालेड़ा थानाधिकारी मुकेश कुमार यादव के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल राकेश सिंह, रणजीत घटाला तथा कांस्टेबल जीतराम, दिनेश, संदीप, सुरेंद्र और भीकाराम शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, हेड कांस्टेबल रणजीत घटाला तथा कांस्टेबल जीतराम और भीकाराम की कार्रवाई में विशेष भूमिका रही।
