बूंदी। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तृतीय चरण के तहत मंगलवार को तालेड़ा पंचायत समिति क्षेत्र में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। क्षेत्र में कुल 71.74 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कुल 1 लाख 22 हजार 402 मतदाताओं में से 87 हजार 813 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) हरफूल सिंह यादव ने बताया कि तालेड़ा पंचायत समिति क्षेत्र में कुल 143 मतदान केंद्र बनाए गए थे। यहां 25 पंचायत समिति सदस्यों और 5 जिला परिषद सदस्यों के निर्वाचन के लिए मतदान कराया गया। मतदान के दौरान मतदाताओं में उत्साह नजर आया।
बूथ संख्या 103 पर सर्वाधिक मतदान
मतदान केंद्रवार आंकड़ों के अनुसार बूथ संख्या 103 पर सर्वाधिक 92.20 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि बूथ संख्या 93 पर सबसे कम 36.25 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले।
समयवार मतदान प्रतिशत की बात करें तो सुबह 10 बजे तक 17.29 प्रतिशत, दोपहर 12 बजे तक 30.60 प्रतिशत, दोपहर 1 बजे तक 31.96 प्रतिशत और अपराह्न 3 बजे तक 53.11 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
इसके बाद मतदान प्रक्रिया निर्धारित समय तक जारी रही।
पारंपरिक वेशभूषा में मतदान करने पहुंचीं महिलाएं
तालेड़ा पंचायत समिति क्षेत्र में मतदान के दौरान महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। जाखमुंड गांव के एक मतदान केंद्र पर ग्रामीण संस्कृति की झलक नजर आई। यहां बड़ी संख्या में महिलाएं पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में मतदान करने पहुंचीं। महिलाओं ने लोकतंत्र के महापर्व में भागीदारी निभाकर अपने मताधिकार का उपयोग किया।
ग्रीन और क्लीन बूथ रहे आकर्षण का केंद्र
मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए छाया और पेयजल की व्यवस्था की गई थी। वहीं, चुनाव में नवाचार करते हुए तालेड़ा और डाबी में ग्रीन एवं क्लीन बूथ स्थापित किए गए। इन आदर्श मतदान केंद्रों के माध्यम से मतदाताओं को मतदान के साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया गया।
