बूंदी, 3 नवंबर। पंचायतीराज आम चुनाव 2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव ने सोमवार को तृतीय चरण के तहत तालेड़ा पंचायत समिति क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा, पारदर्शिता और आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने तालेड़ा थाने में पुलिस मोबाइल पार्टियों की बैठक लेकर कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने जमीतपुरा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय और ग्राम पंचायत भवन में बनाए गए मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने रोशनी सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति देखी और आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
बाजड़ ग्राम पंचायत के निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित रिटर्निंग अधिकारी (आरओ) को निर्देश दिए कि सरपंच प्रत्याशियों की मतगणना के समय कक्ष में लोहे की जालियां अनिवार्य रूप से लगाई जाएं। उन्होंने मतगणना प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और व्यवस्थाओं में किसी तरह की कमी नहीं रहने देने पर जोर दिया।
इसके बाद हरफूल सिंह यादव ने ठीकरिया कलां और सुवांसा गांव के मतदान केंद्रों का भी निरीक्षण किया। ठीकरिया कलां में उन्होंने अधिकारियों को मतदान केंद्र की 100 मीटर की परिधि में आदर्श आचार संहिता की सख्ती से पालना सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव संबंधी नियमों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा, एएसपी संजय सिंह चंपावत, एएसपी (महिला अनुसंधान) जसवीर मीणा और तालेड़ा उपखंड अधिकारी गजेन्द्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
