बूंदी। पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तीसरे चरण के तहत मंगलवार को तालेड़ा पंचायत समिति क्षेत्र में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान जारी रहा। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर ग्रामीण मतदाताओं की कतारें नजर आईं। गांव की सरकार चुनने के लिए मतदाताओं में उत्साह देखा गया और लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करने मतदान केंद्रों तक पहुंचे।
दृष्टिहीन धर्मराज ने पेश की जागरूकता की मिसाल
मतदान के दौरान तालेड़ा क्षेत्र के जमीतपुरा स्थित मतदान केंद्र पर लोकतंत्र के प्रति जागरूकता की प्रेरक तस्वीर सामने आई। यहां बूथ संख्या 23 पर 38 वर्षीय दृष्टिहीन मतदाता धर्मराज अपने परिजनों के सहयोग से मतदान केंद्र पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
शारीरिक चुनौती के बावजूद मतदान के प्रति धर्मराज का उत्साह लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी का संदेश देता नजर आया। उनके इस कदम ने अन्य ग्रामीणों को भी मतदान के लिए प्रेरित किया। धर्मराज ने अपनी भागीदारी से यह संदेश दिया कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में हर मतदाता का वोट महत्वपूर्ण है।
