बूंदी। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तृतीय चरण के तहत मंगलवार को तालेड़ा पंचायत समिति क्षेत्र में मतदान प्रक्रिया के दौरान निर्वाचन पर्यवेक्षक और जिला निर्वाचन अधिकारी ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मतदान की पारदर्शिता, निष्पक्षता और शांतिपूर्ण संचालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निर्वाचन पर्यवेक्षक ने 16 ग्राम पंचायतों के मतदान केंद्र देखे
निर्वाचन पर्यवेक्षक भावना शर्मा ने तालेड़ा पंचायत समिति क्षेत्र की 16 ग्राम पंचायतों में स्थापित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बल्लोप, नोताड़ा भोपत, कैथूदा, अकतासा, तालेड़ा, सीतापुरा, बरूंधन, ठीकरिया चारणान, लीलेड़ा व्यासान, भरता बावड़ी, लक्ष्मीपुरा, डोरा, बीजाड़ी, सूतड़ा, डाबी और बुधपुरा के मतदान केंद्रों का दौरा किया।
इस दौरान उन्होंने मतदान प्रक्रिया की पारदर्शिता, केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल और मतदाताओं की सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अकतासा में पहली बार मतदान करने वाले युवाओं से किया संवाद
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) हरफूल सिंह यादव ने भी तालेड़ा पंचायत समिति क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने अकतासा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के बूथ संख्या 4 पर पहुंचकर मतदान व्यवस्थाएं देखीं और मतदान के आंकड़ों की जानकारी ली। उन्होंने लोकतंत्र के महापर्व में उत्साहपूर्वक भाग लेने वाले मतदाताओं को बधाई दी।
इस दौरान पहली बार मतदान करने पहुंचे युवा मतदाताओं ने जिला निर्वाचन अधिकारी से अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने पीठासीन अधिकारियों से मतदान प्रतिशत और ईवीएम की कार्यप्रणाली के संबंध में भी जानकारी ली।
हरित बूथ पर दिव्यांगों की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश
जिला निर्वाचन अधिकारी ने तालेड़ा के बूथ संख्या 56 पर बनाए गए हरित बूथ का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने दिव्यांग मतदाताओं के लिए उपलब्ध व्हीलचेयर का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान केंद्रों पर कतारों को व्यवस्थित रखने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने और मतदान कक्ष के आसपास शांति बनाए रखने की हिदायत दी।
इसके बाद उन्होंने नोताड़ा भोपत के बूथ संख्या 80 का निरीक्षण किया। यहां मतदान दलों के लिए भोजन, पेयजल, रोशनी और शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की सुचारु व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने बल्लोप और जाखमुंड के मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान की स्थिति और अब तक हुए मतदान का फीडबैक भी लिया।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय सिंह चंपावत, नायब तहसीलदार भूपेंद्र सिंह और तालेड़ा थानाधिकारी मुकेश कुमार सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
