बूंदी, 5 नवंबर। पंचायती राज आम चुनाव 2026 के तहत गुरुवार को तालेड़ा पंचायत समिति की ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंचों के निर्वाचन के लिए मतदान जारी है। गांव की सरकार चुनने को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर युवा, बुजुर्ग, महिलाओं और पुरुषों की कतारें लगी हुई हैं। मतदाता उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र के इस महापर्व में भागीदारी निभा रहे हैं।
मतदान को लेकर युवा वर्ग के साथ-साथ बुजुर्गों में भी खासा जोश नजर आ रहा है। कई वरिष्ठ नागरिक परिजनों के सहयोग से मतदान केंद्रों तक पहुंचकर वोट डाल रहे हैं। निर्वाचन विभाग की ओर से दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं की सुविधा के लिए मतदान केंद्रों पर व्हीलचेयर सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
86 साल की उम्र में भी मतदान का जज्बा
तालेड़ा पंचायत समिति की अकतासा ग्राम पंचायत के मतदान केंद्र पर बूथ संख्या तीन में प्रेरक दृश्य देखने को मिला। यहां 86 वर्षीय बुजुर्ग मतदाता मगनी बाई अपने परिजनों के साथ व्हीलचेयर पर मतदान केंद्र पहुंचीं। उन्होंने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।
मगनी बाई के इस उत्साह और जज्बे ने अन्य मतदाताओं को भी मतदान के लिए प्रेरित किया। उम्र के इस पड़ाव पर भी मतदान के प्रति उनकी जागरूकता ने लोकतंत्र में प्रत्येक वोट के महत्व का संदेश दिया।
