बूंदी, 6 अक्टूबर। नागरिक अभिव्यक्ति। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तृतीय चरण में तालेड़ा पंचायत समिति के मतदान कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। राज्य चुनाव आयोग के अनुसार तृतीय चरण में तालेड़ा क्षेत्र की 40 ग्राम पंचायतों के लिए कुल 143 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
जिला परिषद सदस्यों के लिए मतदान 3 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। वहीं पंचायत समिति सदस्यों के तृतीय चरण के चुनाव के लिए अधिसूचना 19 अक्टूबर को जारी की जाएगी।
पंचायत समिति सदस्य पद के लिए नाम निर्देशन पत्र 23 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 24 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से होगी। अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 26 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक निर्धारित की गई है। इसके बाद चुनाव मैदान में रहने वाले अभ्यर्थियों की सूची जारी कर उन्हें चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
पंचायत समिति सदस्यों के लिए भी मतदान 3 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक कराया जाएगा।
वहीं सरपंच एवं पंच पदों के लिए नाम निर्देशन की प्रक्रिया 4 नवंबर को होगी। इन पदों के लिए मतदान 5 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना की जाएगी।
उपसरपंच का चुनाव 6 नवंबर को कराया जाएगा। राज्य चुनाव आयोग ने संशोधित कार्यक्रम के अनुसार संबंधित अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया समयबद्ध एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
