कोटा। रिद्धि सिद्धि नगर स्थित राधा-माधव मंदिर से ठाकुरजी की भव्य डोल यात्रा हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ निकाली गई। फूलों से सजे पुष्प विमान में ठाकुरजी को विराजमान कर श्रद्धालुओं ने कंधों पर उठाकर यात्रा का शुभारंभ किया। डोल यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे मार्ग में “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष गूंजते रहे और वातावरण भक्तिमय बना रहा।
समिति अध्यक्ष मनीष मूंदड़ा ने बताया कि डोल यात्रा के दौरान श्रद्धालु ठाकुरजी के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने ठाकुरजी के दर्शन कर धोक लगाई तथा फल और मिष्ठान चढ़ाए। श्रद्धालु भक्ति गीतों और जयकारों के साथ ठाकुरजी का गुणगान करते हुए नजर आए। यात्रा में शामिल भक्तों ने सुख-समृद्धि की कामना की।
चंबल तट पर कराया जलाभिषेक
समिति सचिव कपिल विजयवर्गीय ने बताया कि डोल यात्रा कुन्हाड़ी क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से होते हुए चंबल तट स्थित नयापुरा पहुंची। यहां विधि-विधान के साथ मां चर्मण्यवती के पवित्र जल से ठाकुरजी का जलाभिषेक एवं स्नान कराया गया। इसके बाद श्रद्धालु ठाकुरजी को लेकर वापस मंदिर परिसर पहुंचे।
मंदिर परिसर में धार्मिक आयोजन किए गए। ठाकुरजी की महाआरती की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। आरती के दौरान मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
आयोजन की व्यवस्थाओं में समिति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष हरिनारायण बड़ोलिया, संगठन मंत्री गजानंद मेवाड़ा, गोपाल दमदमा, व्यवस्थापक रामपाल पारेता, रामेश्वर सिंह जादौन, अर्थ संग्रह सचिव महावीर सिंह सोनगरा, प्रचार-प्रसार मंत्री रमेश धाकड़, राजकुमार विजय, मीडिया प्रभारी योगेश सोनी (मोनी), आनंद अग्रवाल, केडी शारदा, विश्वनाथ शर्मा, दिग्विजय शुक्ला, मनोज विजय सहित समिति के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
