नागरिक अभिव्यक्ति । उदयपुर
उदयपुर की रिजर्व पुलिस लाइन में 21 अक्टूबर को पुलिस शहीद दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान राष्ट्र सेवा और आंतरिक सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर पुलिसकर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उदयपुर रेंज और जिला पुलिस के अधिकारियों तथा जवानों ने शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए उनके योगदान को याद किया।
समारोह में पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव ने शहीदों के सम्मान में संबोधन दिया। उन्होंने 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक वीरगति प्राप्त करने वाले 154 पुलिसकर्मियों के नामों का पाठ किया। इसके बाद परेड कमांडर गुलाब सिंह के नेतृत्व में शहीद स्मारक परेड ग्राउंड पर पुलिस शहीद दिवस परेड आयोजित की गई और सलामी दी गई। उपस्थित पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र एवं माल्यार्पण कर दो मिनट का मौन रखा।
शहीद दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। पुलिस महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव और जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने पुलिस लाइन परिसर में पौधारोपण किया। वहीं, शहीदों की स्मृति में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस अधिकारियों और जवानों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर सामाजिक सरोकार और जनसेवा का संदेश दिया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मुकुल शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा रजत विश्नोई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर लखमन राय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महिला अनुसंधान प्रकोष्ठ मंजीत सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुलिस परामर्श केंद्र अंजना सुखवाल सहित पुलिस उप अधीक्षक, विभिन्न थानों के थानाधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
