बूंदी। शहर के विकास नगर निवासी एक नेत्रदान संकल्पित परिवार ने मां के निधन के बाद नेत्रदान करवाकर समाज के सामने प्रेरक उदाहरण पेश किया। विकास नगर निवासी रामस्वरूप मालव की धर्मपत्नी जगन्नाथी बाई का हृदयाघात से आकस्मिक निधन हो गया था। परिजनों ने उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए नेत्रदान का निर्णय लिया।
स्व. जगन्नाथी बाई के पुत्र प्रेमचंद, चिरंजीलाल, निर्मल और अशोक सहित बेटियां प्रकाश बाई, कमलेश व शांति बाई पहले से ही शाइन इंडिया फाउंडेशन के साथ नेत्रदान के लिए संकल्पित परिवार के सदस्य हैं। जगन्नाथी बाई के निधन के बाद पुत्र निर्मल मालव और उनकी पत्नी नूपुर मालव, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष, ने परिवार के सभी सदस्यों से सहमति लेकर नेत्रदान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई।
इसके बाद देर रात शाइन इंडिया फाउंडेशन के ज्योति मित्र इदरीस बोहरा से संपर्क किया गया। सूचना मिलने पर गुरुवार को कोटा से शाइन इंडिया फाउंडेशन एवं ईबीएसआर-बीबीजे चैप्टर के कोऑर्डिनेटर डॉ. कुलवंत गौड़ बूंदी पहुंचे। उन्होंने परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी करवाई।
परिवार के इस निर्णय की क्षेत्र में सराहना की गई। नेत्रदान के माध्यम से स्व. जगन्नाथी बाई की आंखें जरूरतमंद लोगों के जीवन में रोशनी का माध्यम बन सकेंगी।
