कोटा, 19 सितंबर। विकसित भारत जन सेवा अभियान 2026 के तहत जिले की विभिन्न पंचायत समितियों में आयोजित किए जा रहे सेवा सेतु शिविर ग्रामीणों के लिए सरकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं तक आसान पहुंच का माध्यम बन रहे हैं। शिविरों में विभिन्न विभागों की सहभागिता से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर योजनाओं की जानकारी एवं पात्रता के अनुसार लाभ दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं और प्रकरणों के मौके पर निस्तारण पर भी जोर दिया जा रहा है।
सेवा सेतु शिविरों से मिला योजनाओं का लाभ
सांगोद निवासी रामदयाल ने बताया कि वे पहले कच्चे मकान में रहते थे। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान मिलने से उन्हें सुरक्षित आवास के साथ सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिला है। घर में पक्का शौचालय और सिर पर पक्की छत होने से उनके परिवार को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।
रामदयाल ने बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ भी मिल रहा है। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं से मिले लाभ के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।
स्वच्छता अपनाने और जनभागीदारी की अपील
विकसित भारत जन सेवा अभियान और स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के तहत सांगोद में नगर पालिका की आईईसी टीम की ओर से जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। अधिशासी अधिकारी मनोज मालव ने बताया कि अभियान के दौरान नागरिकों को घरों में चार डस्टबिन अपनाने, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा घर पर कम्पोस्ट खाद तैयार करने के लिए प्रेरित किया गया।
लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचने, कपड़े और जूट के थैलों का इस्तेमाल करने तथा सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फैलाने की अपील भी की गई। साथ ही कचरे के उचित निस्तारण के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।
‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ से सामने आ रही लाभार्थियों की तस्वीर
अभियान के तहत ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ के माध्यम से कोटा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता की कहानियां आमजन तक पहुंचाई जा रही हैं। इनके जरिए आत्मनिर्भर भारत और विकास की दिशा में आगे बढ़ते देश की तस्वीर को सामने रखने का प्रयास किया जा रहा है।
इन कहानियों में नए राजस्थान, ऊर्जा क्षेत्र में विकास, किसानों और उद्योगों को नई दिशा, यमुना जल परियोजना, जयपुर मेट्रो सहित विभिन्न विकास कार्यों और योजनाओं से जुड़े पहलुओं की जानकारी भी साझा की जा रही है।
युवा, किसान और महिलाएं सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी अपने जीवन में आए बदलाव और सशक्तिकरण के अनुभव खुद साझा कर रहे हैं। उनके अनुभव अन्य पात्र लोगों को भी सरकारी योजनाओं का लाभ लेने, आत्मनिर्भर बनने और विकास की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित करने का माध्यम बन रहे हैं।
सेवा सेतु शिविरों और जनजागरूकता गतिविधियों के जरिए प्रशासन का फोकस योजनाओं की पहुंच बढ़ाने के साथ स्वच्छता, जनभागीदारी और आत्मनिर्भरता के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाने पर है।
