कोटा। राजस्थान फार्मासिस्ट कर्मचारी संघ (एकीकृत), जिला शाखा कोटा की ओर से विश्व फार्मासिस्ट दिवस के उपलक्ष्य में फार्मासिस्ट परिवार मिलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह-2026 का आयोजन रविवार को पोरवाल भवन, सुभाष नगर प्रथम में किया गया। समारोह में कोटा जिले के सैकड़ों फार्मासिस्टों और उनके परिवारजनों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में औषधि नियंत्रण विभाग कोटा के ड्रग कंट्रोलर ऑफिसर डॉ. संदीप कैले सहित आशाराम मीणा, योगेश कुमार, दिनेश कुमावत और ओमप्रकाश चौधरी मौजूद रहे। बूंदी से ड्रग कंट्रोलर ऑफिसर निशांत बघेरवाल भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
समारोह के दौरान फार्मासिस्ट परिवारों के विद्यार्थियों को उनकी प्रतिभा एवं उपलब्धियों के लिए पारितोषिक देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही संघ के पूर्व अध्यक्षों सुरेश मेहरा, राजीव वर्मा, मुरारीलाल नागर, जगदीश मीणा और प्रदीप खींची का भी सम्मान किया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं में फार्मासिस्ट की भूमिका महत्वपूर्ण
मुख्य अतिथि डॉ. संदीप कैले ने विश्व फार्मासिस्ट दिवस की इस वर्ष की थीम “स्वस्थ भविष्य के लिए फार्मासिस्ट को सशक्त बनाना” पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में फार्मासिस्ट की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने फार्मासिस्टों से अपने ज्ञान और कौशल के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाने में योगदान देने का आह्वान किया।
संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. महावीर प्रसाद खींची ने कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे मरीजों को दवाइयों के सुरक्षित और प्रभावी उपयोग के प्रति जागरूक करने के साथ सही औषधि उपयोग सुनिश्चित करने तथा जनस्वास्थ्य को बेहतर बनाने में भूमिका निभाते हैं।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बढ़ा पारिवारिक जुड़ाव
समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रतिभा सम्मान के माध्यम से फार्मासिस्ट परिवारों के बीच आपसी सौहार्द, एकता और पारिवारिक जुड़ाव को बढ़ावा दिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फार्मासिस्टों और उनके परिजनों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य फार्मासिस्टों के योगदान को सम्मानित करने के साथ उनके परिवारों की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और समाज में दवाइयों के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. पलक जैन और लोकेश गुप्ता ने किया। कार्यक्रम संयोजक मुरारीलाल नागर ने समारोह में उपस्थित अतिथियों और फार्मासिस्ट साथियों का आभार व्यक्त किया।
