कोटा। रामपुरा स्थानक में चल रहे धार्मिक प्रवचनों के दौरान बुधवार को पूज्य योगेश मुनि महाराज साहब ने श्रद्धालुओं को विनय, भक्ति, संयम और आत्मशुद्धि का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि विनय श्रेष्ठ जीवन का बीज है और व्यक्ति को आध्यात्मिक उन्नति के साथ मोक्ष के मार्ग की ओर ले जाता है। बिना विनय के भक्ति और आराधना संभव नहीं है। विनय ऐसा गुण है, जो मनुष्य के जीवन में अन्य श्रेष्ठ गुणों को आकर्षित करता है।
योगेश मुनि महाराज साहब ने कहा कि संसार में मनुष्य अनेक दुखों को भोगने के बावजूद विषय-वासनाओं और सांसारिक मोह-माया का त्याग नहीं कर पाता। जीवन क्षणभंगुर है, इसके बावजूद व्यक्ति सांसारिक वस्तुओं और सुखों को स्थायी मानकर उनमें उलझा रहता है। उन्होंने कहा कि संसार की वस्तुएं और सुख स्थायी नहीं हैं।
वास्तविक सत्य आत्मा की शुद्धि और संयम में निहित है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अपने भ्रम, मोह और भावनाओं पर नियंत्रण रखते हुए आत्मचिंतन करने तथा धर्म, संयम और सदाचार को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग्य समय पर योग्य कार्य करना, उचित आचरण रखना और दूसरों के प्रति सम्मान का भाव रखना ही वास्तविक विनय है। विनय व्यक्ति के भीतर पात्रता पैदा करता है और अहंकार का त्याग कर उसे भक्ति के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
भगवान महावीर का जीवन त्याग और तपस्या का उदाहरण
धर्मसभा में पूज्य जितेंद्र मुनि महाराज साहब ने भगवान महावीर स्वामी के जन्म से जुड़े धार्मिक प्रसंगों और जीवन की विभिन्न घटनाओं का वर्णन किया। उन्होंने भगवान महावीर के माता के गर्भ में आने तथा गर्भस्थ शिशु से संबंधित धार्मिक कथाओं के माध्यम से श्रद्धालुओं को उनके जीवन और व्यक्तित्व से परिचित कराया।
उन्होंने कहा कि भगवान महावीर ने साढ़े बारह वर्षों तक कठिन साधना की और तप, संयम एवं आत्मज्ञान के माध्यम से मोक्ष प्राप्त किया। उनका संपूर्ण जीवन त्याग, तपस्या, अहिंसा और आत्मशुद्धि का अनुपम उदाहरण है।
उनके उपदेश आज भी मानव जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं।
महाराज श्री ने भावनाओं के विभिन्न स्वरूपों को समझाते हुए कहा कि कष्ट के आंसू अपने दुख और पीड़ा से निकलते हैं, कर्म के आंसू दूसरों का दुख देखकर आते हैं, जबकि कृतज्ञता के आंसू किसी के उपकार से प्रसन्न होकर निकलते हैं। उन्होंने जीवन में संवेदना, करुणा और कृतज्ञता को महत्वपूर्ण बताया।
भाईदूज पर भाई-भाई के प्रेम का बताया महत्व
जितेंद्र मुनि महाराज साहब ने भाईदूज के अवसर पर भगवान कृष्ण, बलदेव, भगवान महावीर, नंदीवर्धन, भरत और बाहुबली से जुड़े प्रसंगों के माध्यम से भाई-भाई के प्रेम, सद्भाव और पारिवारिक संबंधों की महत्ता बताई।
उन्होंने कहा कि पारिवारिक रिश्तों में प्रेम, त्याग और आपसी सम्मान होना चाहिए। मनुष्य को अहंकार और द्वेष छोड़कर प्रेम तथा सद्भावना के साथ जीवन जीना चाहिए।
संघ अध्यक्ष पंकज मेहता ने कहा कि रामपुरा स्थानक में आयोजित धर्मसभा में श्रद्धालुओं ने दोनों महाराज साहब के प्रवचनों का श्रवण किया और धर्म, विनय, संयम, भक्ति एवं आत्मकल्याण के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
संघ मंत्री अनिल दक ने कहा कि प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को सदाचार अपनाने, दूसरों के प्रति करुणा रखने और आध्यात्मिक उन्नति के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा मिली।
