देश की अग्रणी एजुकेशन कंपनी एलन करियर इंस्टीट्यूट प्राइवेट लिमिटेड ने अगली पीढ़ी के नेतृत्व को जिम्मेदारी सौंपते हुए अविरल माहेश्वरी, आनंद माहेश्वरी और केशव माहेश्वरी को बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में शामिल किया है। यह बदलाव अगले 100 वर्षों की विकास यात्रा, मजबूत गवर्नेंस और भारतीय शिक्षा में सार्थक योगदान के विजन को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया है। संस्थापक डॉ. गोविंद माहेश्वरी ने कहा कि चार दशकों में एलन ने समर्पण और साझा मूल्यों के दम पर नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। उन्हें विश्वास है कि नई पीढ़ी की ऊर्जा और नवाचार संस्थान को नई दिशा देंगे। संस्थापक राजेश माहेश्वरी और नवीन माहेश्वरी ने भी नई टीम का स्वागत करते हुए कहा कि वे सलाहकार की भूमिका में मार्गदर्शन करते रहेंगे। निदेशक उदय शंकर ने कहा कि बदलते समय के साथ संस्थान का विकसित होना आवश्यक है।

अविरल माहेश्वरी
2014 से जुड़े अविरल माहेश्वरी ने संस्थान के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संस्थागत प्रक्रियाएं और अकादमिक गुणवत्ता दोनों मजबूत की।

आनंद माहेश्वरी
2019 में एलन से जुड़े आनंद माहेश्वरी ने डिजिटल इकोसिस्टम को सुदृढ़ किया। तकनीकी नवाचारों को कक्षा शिक्षण से जोड़ते हुए डिजिटल शिक्षण क्षमताओं का विस्तार किया।

केशव माहेश्वरी
वर्ष 2019 से जुड़े केशव ने अंतरराष्ट्रीय विस्तार का नेतृत्व किया। विदेशों में एलन की पहुंच बढ़ाई और भारतीय विद्यार्थियों के लिए वैश्विक स्तर पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर मजबूत किए।
